श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): यहां एक बार फिर नाबालिग के घर से गायब होने का मामला सामने आया है। गांव आड़सर के एक परिवार ने 12वीं कक्षा के छात्र सोनू पर 11वीं की छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी के अनुसार मंगलवार सुबह उसकी 16 वर्षीय भतीजी स्कूल की यूनिफार्म पहनकर घर से निकली थी लेकिन स्कूल से सूचना मिली कि वह क्लास में नहीं पहुंची। परिजनों ने तुरंत तलाश शुरू की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं लगा। जांच में पता चला कि नाबालिग अपने साथ घर से *श50 हजार रुपए नगदी, सोने की अंगूठी और कानों के झुमर भी ले गई है, वहीं उसी दिन से गांव का 12वीं का छात्र सोनू भी लापता है। परिजनों का आरोप है कि सोनू ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर भगा दिया है। परिवार ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट देकर छात्र के खिलाफ कार्रवाई और नाबालिग को ढूंढकर उन्हें सौंपने की मांग की है। मामले की जांच एएसआई आवड़दान कर रहे हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, 50 हजार नगदी और गहनों के साथ गायब
By -
July 08, 2026
0
Tags: