बीकानेर (मुकेश रामावत): महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से न्यू रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान, बीकानेर द्वारा आयोजित 3 माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ.अर्पिता गुप्ता ने कहा कि आज के समय में कौशल आधारित शिक्षा ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने बालिकाओं से अपने सीखे हुए हुनर का सदुपयोग कर स्वरोजगार अपनाने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। संस्थान के संस्थापक ताहिर हुसैन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्थान द्वारा ऐसे रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस प्रशिक्षण में बीकानेर के साथ-साथ हनुमानगढ़, नागौर, नोखा, लूणकरणसर और नाल क्षेत्र की अनेक बालिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षिकाएं मोहिनी खत्री और शालू गुजराती ने तीन माह तक प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर से जुड़ी तकनीकों और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
समापन समारोह में सभी सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। डॉ.गुप्ता ने मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मोटिवेशनल स्पीकर वासिद अली ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सीखने की भावना से ही सफलता मिलती है। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की वरिष्ठ सदस्य दुर्गा देवी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षिकाओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास के ऐसे कार्यक्रम नियमित आयोजित करने का संकल्प लिया गया।