नीमराना: शाहजहांपुर कस्बे में 5 जुलाई को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भूपेंद्र यादव प्रातः 9 बजे शाहजहांपुर पहुंचेंगे, जहां वे क्रय-विक्रय सहकारी समिति द्वारा स्थापित अत्याधुनिक आटा प्रोसेसिंग मिल का विधिवत उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट रोहितास कुमार यादव एवं भाजपा अलवर उत्तर प्रथम के जिला अध्यक्ष बलवान सिंह यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है तथा कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एडवोकेट रोहितास कुमार यादव ने कहा कि यह आटा प्रोसेसिंग यूनिट सहकारिता के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है। इस मिल के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपने गेहूं का उचित मूल्य मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। जिला अध्यक्ष बलवान सिंह यादव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रयासों से बंद पड़ी सहकारी समितियों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। अलवर सरस डेयरी को भी किसानों की सेवा में विस्तार दिया गया है। यह आटा मिल सहकारिता से जुड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सहकारी समितियों के पदाधिकारी, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरू भारद्वाज, पूर्व भाजपा अध्यक्ष जय भारत सोनी अन्य लोग मौजूद रहे।