डूंगर कॉलेज में खुली आईसीटी लैब: विधायक जेठानंद व्यास ने किया शुभारंभ, युवाओं के लिए 4 नए स्किल कोर्स और 5 लाख की घोषणा

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): राजकीय डूंगर महाविद्यालय में अब विद्यार्थियों को नौकरी के लिए तैयार करने वाली तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी। शनिवार को कॉलेज परिसर में राजस्थान सरकार और भारत सरकार की संयुक्त योजना "राजस्थान फिनिशिंग स्कूल" के तहत नव-निर्मित आईसीटी लैब का उद्घाटन बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने किया।  

*आईसीटी लैब के साथ शुरू हुए 4 स्किल कोर्स*  

उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए 4 रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए। इन कोर्सों का संचालन मोज़ैक कंपनी द्वारा किया जाएगा। सभी पाठ्यक्रम सरकार से मान्यता प्राप्त हैं और इन्हें न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी के प्रतिनिधि संजय गौड़ ने बताया कि लक्ष्य है कि कोर्स पूरा करने वाले करीब 70 प्रतिशत विद्यार्थियों को रोजगार या इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।  

*विधायक ने दिए 5 लाख और सराही वेबसाइट*  

मुख्य अतिथि विधायक जेठानंद व्यास ने आईसीटी लैब को और बेहतर बनाने के लिए कंप्यूटर खरीद हेतु 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज के समय में डिग्री के साथ-साथ तकनीकी दक्षता और इंडस्ट्री से जुड़ा कौशल जरूरी है। "राजस्थान फिनिशिंग स्कूल" जैसी योजनाएं इसी दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। इसी अवसर पर विधायक ने रेडियेशन बायोलॉजी सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया। सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो.आरके पुरोहित ने वेबसाइट की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों की जानकारी दी।  

*प्राचार्य ने कहा प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे छात्र*  

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य प्रो.आरके पुरोहित ने कहा कि फिनिशिंग स्कूल के माध्यम से विद्यार्थी न सिर्फ पढ़ाई बल्कि प्रैक्टिकल स्किल्स में भी निपुण बनेंगे, जिससे वे प्रतिस्पर्धी बाजार में आगे रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। अतिथियों का स्वागत शॉल, साफा और तिलक लगाकर राजस्थानी परंपरा से किया गया। संचालन डॉ.रमेश पुरी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!