बीकानेर का ट्रैफिक होगा सुगम: उद्योग संघ अध्यक्ष पचीसिया ने कलक्टर से 3 वैकल्पिक मार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण की रखी मांग

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ ने जिला प्रशासन के सामने 3 अहम सड़क प्रस्ताव रखे हैं। संघ अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने गुरुवार को जिला कलक्टर निशांत जैन से मुलाकात कर इन वैकल्पिक मार्गों को जल्द दुरुस्त करवाने की मांग की। पचीसिया ने कहा कि शिव वैली से पशु चिकित्सालय गोगा गेट तक जाने वाला 60 फुट चौड़ा मार्ग अभी तक बना नहीं है। यदि इस पर सड़क निर्माण हो जाए तो रानी बाजार से गंगाशहर और गंगाशहर से रानी बाजार आने-जाने वाले छोटे वाहनों के लिए यह सबसे सुगम रास्ता बन जाएगा। इससे गोगागेट से गंगाशहर जाने वाली मुख्य सड़क पर भारी वाहनों का दबाव भी कम होगा। उन्होंने बताया कि रानी बाजार पुलिया से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क काफी छोटी और घुमावदार है। यहां रोजाना यात्री बसें और औद्योगिक इकाइयों के भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटना की स्थिति बनती है। इस समस्या के समाधान के लिए रानी बाजार पुलिया से पट्टी पेड़े होते हुए रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र तक नए मार्ग को सुगम किया जाए, इससे ट्रैफिक डायवर्ट होकर मौजूदा सड़क पर दबाव घटेगा।  

*रोड नंबर 5 से नोखा रोड तक मरम्मत और चौड़ीकरण की जरूरत*  

पचीसिया ने रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र की रोड नंबर 5 से चोपड़ा कटला और नोखा रोड तक की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस पूरे मार्ग पर दिनभर मालवाहक गाड़ियां और यात्री बसें चलती हैं। सड़क पर गहरे गड्ढे और जर्जर हालत के कारण जाम लगना आम बात है और आसपास रिहायशी मकान भी हैं। उन्होंने मांग की कि इस मार्ग को चौड़ा किया जाए और चोपड़ा कटला से पांच नंबर रोड होते हुए नोखा रोड तक पेचवर्क का काम करवाया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। इस दौरान जिला उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराड़ू और शुभम लड्ढा भी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने संघ के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!