श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): श्रीडूंगरगढ़ के गांव बापेऊ स्थित राजकीय स्कूल में मंगलवार सुबह अभिभावकों और ग्रामीणों ने 3 घंटे तक तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। वजह बनी शिक्षा विभाग का बिना वैकल्पिक व्यवस्था के कक्षाएं गिराने का आदेश। ग्रामीणों का आरोप है कि 9 जुलाई को जारी आदेश में क्षेत्र के 45 स्कूलों की 237 कक्षाओं को जर्जर बताकर गिराने को कहा गया, लेकिन बच्चों को कहां बिठाया जाएगा, इसका कोई प्लान नहीं बनाया गया। बापेऊ स्कूल में भी 500 से ज्यादा बच्चों के लिए सिर्फ 7 कमरे ही उपलब्ध हैं। सुबह 7 से 10 बजे तक चले हंगामे के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कुंभाराम चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सर्वे दोबारा होगा, गणित शिक्षिका का डेपुटेशन रद्द करवाया जाएगा और छोटे-बड़े बच्चों को बाहर नहीं बैठाया जाएगा, इसके बाद स्कूल का ताला खोला गया। स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने मांग की है कि जब तक नए कमरे नहीं बनते, मौजूदा सही स्थिति वाले कमरों को गिराया न जाए।
कक्षाएं गिराने से पहले बैठने की जगह दो: बापेऊ में 3 घंटे तालाबंदी, अभिभावकों के विरोध के बाद शिक्षा विभाग ने माना सर्वे में खामी
By -
July 14, 2026
0
Tags: