38 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए बैंक ऑफ इंडिया के हेड कैशियर मोटाराम चौहान का नागरिक अभिनंदन

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): बैंक ऑफ इंडिया के हेड कैशियर मोटाराम चौहान के 38 वर्षों की उत्कृष्ट एवं निष्कलंक बैंकिंग सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर उनके निवास स्थान पर पहुंचकर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमीला मेघवाल, माहेश्वरी समाज रानीवाड़ा के तहसील अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मदन माहेश्वरी, उपाध्यक्ष जयंतीलाल केला, समाजसेवी सुनील गिगल तथा शिक्षक अशोक डाभी ने माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मोटाराम चौहान ने अपने 38 वर्षों के सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और ग्राहकों के प्रति समर्पित भावना के साथ बैंकिंग सेवाएं प्रदान कीं। उनके सरल व्यवहार, विनम्र स्वभाव और कार्य के प्रति निष्ठा के कारण वे बैंक के कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन के बीच भी विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में बैंक की गरिमा को बढ़ाने के साथ ग्राहकों का विश्वास भी कायम रखा। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने कहा कि सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है और उन्हें विश्वास है कि मोटाराम चौहान आगे भी सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। सम्मान से अभिभूत मोटाराम चौहान ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा काल में उन्हें सहकर्मियों, ग्राहकों और समाज का भरपूर सहयोग एवं स्नेह मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सम्मान से ओत-प्रोत रहा तथा सभी उपस्थित लोगों ने मोटाराम चौहान के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!