श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर में माकपा कार्यकर्ताओं की अहम बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक कॉमरेड गिरधारी लाल महिया ने की। बैठक में संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर आगे की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि अगली बैठक 27 जुलाई सोमवार को होगी, जिसमें संगठनात्मक विस्तार और जनसंघर्षों को लेकर ठोस निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में सड़क से सदन तक आवाज बुलंद की जाएगी। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं पर भी मंथन हुआ। किसान हितों को लेकर धरातल पर आंदोलन की तैयारी शुरू करने पर सहमति बनी। दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में किसान और माकपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि आमजन की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करेगी और सरकार से समाधान की मांग करेगी।