झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले देश के वीर जवानों की स्मृति और कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की 27वीं वर्षगांठ के सुअवसर पर शेखावाटी की वीरधरा झुंझुनूं में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या यानी 25 जुलाई को लायंस क्लब झुंझुनूं के तत्वावधान में शहर के शहीद स्मृति पार्क में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामय और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को दीप प्रज्वलन एवं पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। शेखावाटी अंचल का सैन्य इतिहास और बलिदान की परंपरा स्वर्णिम रही है, ऐसे में इस आयोजन को लेकर जिलेवासियों में गहरा सम्मान का भाव है।
*इनकी रहेगी गरिमामयी उपस्थिति*
लायंस क्लब झुंझुनूं द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के उच्च प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गौरव सेनानी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां (वीरांगनाएं) तथा शहीद परिवारों के आश्रित विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए लायंस क्लब के पदाधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रही है। लायंस क्लब परिवार ने जिले के समस्त नागरिकों, युवाओं और प्रबुद्धजनों से अधिक से अधिक संख्या में 25 जुलाई की शाम शहीद स्मृति पार्क पहुंचकर अमर शहीदों को नमन करने और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की है।