खाजूवाला/बीकानेर (मुकेश रामावत): खाजूवाला थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिवार ने 25 बीघा कृषि भूमि को हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैनामा करवा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोगासर चूरू के निवासी और वर्तमान में 6 एसजेएम खाजूवाला में रहने वाले महेश कुमार पुत्र मालाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी है। उनका कहना है कि उनके पिता मालाराम के नाम 25 बीघा खेती की जमीन थी। पिता के निधन के बाद उनके बड़े भाई भगवानाराम ने अन्य वारिसों को बिना बताए विरासत अपने नाम दर्ज करवा ली। महेश का आरोप है कि इसके बाद 2021 में भगवाना राम ने फर्जी मुख्तारनामा तैयार किया। इस दस्तावेज में कुछ वारिसों की असली फोटो लगाई गई, जबकि अन्य के स्थान पर फर्जी फोटो, फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगा दिए गए। इसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर भगवाना राम ने पैतृक जमीन का बैनामा अपनी पत्नी तेजादेवी के नाम करवा दिया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि बाद में इसी जमीन को दिखाकर किसान क्रेडिट कार्ड यानी केसीसी का फायदा भी उठाया गया। परिवादी के अनुसार जब परिवार के अन्य सदस्यों को इस बारे में पता चला और उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी मुख्तारनामा बनवाने की बात स्वीकार की। खाजूवाला पुलिस ने महेश की रिपोर्ट पर भगवाना राम, तेजादेवी, कालू और प्रदीप के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कोहर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और गवाहों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।