मुंबई (श्रीराम इंदौरिया): टैक्स फाइलिंग सीजन के बीच जियो फाइनेंस ने अपने ग्राहकों के लिए टैक्स प्लानिंग और इनकम टैक्स रिटर्न फाइलिंग सेवा दोबारा शुरू कर दी है। इस बार कंपनी ने टैक्स फाइलिंग को और किफायती बनाने के साथ-साथ जियो पॉइंट्स रिवॉर्ड्स का लाभ भी जोड़ा है। अब ग्राहक सिर्फ ₹24 से अपनी आईटीआर फाइल कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, उपयोगकर्ताओं को उनकी फाइलिंग फीस का 25 प्रतिशत तक जियो पॉइंट्स के रूप में रिवॉर्ड मिलेगा। इन पॉइंट्स को ऐप के जरिए विभिन्न ब्रांड वाउचर, शॉपिंग ऑफर्स और पार्टनर डील्स में रिडीम किया जा सकेगा। जियो फाइनेंस ने यह सेवा टैक्स बड्डी के साथ साझेदारी में शुरू की है, जो आयकर विभाग का पंजीकृत ई-रिटर्न इंटरमीडियरी है। इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को टैक्स प्लानिंग, आईटीआर फाइलिंग, टैक्स बचत के विकल्प, अलग-अलग टैक्स रिजीम की तुलना और रिफंड स्टेटस ट्रैक करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
कंपनी का कहना है कि टैक्सदाताओं की सभी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। डेटा केवल आईटीआर फाइलिंग के उद्देश्य से टैक्स बड्डी के सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड सिस्टम में प्रोसेस किया जाएगा और जियो फाइनेंस किसी भी चरण में इस डेटा का उपयोग अन्य किसी उद्देश्य के लिए नहीं करेगा। जियो फाइनेंस प्लेटफॉर्म एंड सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरभे एस. शर्मा ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य जटिल वित्तीय प्रक्रियाओं को आसान और सभी के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि कम कीमत, सुरक्षित प्लेटफॉर्म और जियो पॉइंट्स रिवॉर्ड्स के साथ टैक्स फाइलिंग का अनुभव पहले से अधिक सरल और लाभदायक बनाया गया है। वहीं, टैक्स बड्डी के सह-संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि यह साझेदारी देशभर के लोगों को सुरक्षित, सरल और भरोसेमंद तरीके से आईटीआर फाइल करने में मदद करेगी। जियो फाइनेंस ऐप पर अलग-अलग आय वर्ग और जरूरतों के अनुसार डीआईवाई (खुद से फाइलिंग) और एक्सपर्ट-असिस्टेड दोनों विकल्प उपलब्ध हैं। डीआईवाई प्लान की शुरुआती कीमत ₹24 है, जबकि टैक्स विशेषज्ञ की सहायता वाली सेवाएं ₹649 से शुरू होती हैं।