रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रानीवाड़ा में शैक्षणिक सत्र 2026-27/28 के लिए राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई से प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई 2026 तक ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान प्रभारी चिमना राम पटेल ने बताया कि संस्थान में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कम्प्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), मैकेनिकल डीजल, वायरमैन तथा रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग (आरएसी) ट्रेड में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश ट्रेडों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष रखी गई है। राज्य सरकार की योजना के तहत महिला एवं छात्राओं के लिए प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क रहेगा। संस्थान प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि तकनीकी शिक्षा के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी राजकीय आईटीआई रानीवाड़ा अथवा निकटतम ई-मित्र केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
3/related/default