नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): शाला दर्पण मोबाइल ऐप के जरिये होने वाले मासिक निरीक्षण और आरटीई के तहत पुनर्भरण राशि की अत्यधिक देरी से परेशान निजी विद्यालय संचालकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।निजी विद्यालय संघ नारायणपुर के अध्यक्ष डॉ.पीएम यादव ने पत्र जारी कर बताया कि सरकार की विरोधी नीतियों के कारण 15 जुलाई 2026 को कोटपुतली-बहरोड जिले के समस्त निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसी समर्थन में नारायणपुर ब्लॉक के सभी निजी विद्यालय भी बंद रहेंगे। डॉ.यादव ने कहा कि पिछले लंबे समय से आरटीई के तहत प्रवेशित बच्चों की पुनर्भरण राशि सरकार द्वारा समय पर नहीं दी जा रही है। साथ ही शाला दर्पण ऐप के माध्यम से रोजाना की जा रही रिपोर्टिंग और मासिक निरीक्षण से स्कूल संचालकों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। संघ का कहना है कि बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में मजबूरन विरोध स्वरूप एक दिवसीय बंद का निर्णय लिया गया है। संघ ने अभिभावकों से इस बंद में सहयोग करने की अपील की है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राशि का भुगतान और शाला दर्पण की प्रक्रिया सरल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
3/related/default