कोटपूतली (ईशाक खान): जिला पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपराध और मिलावट खोरों के खिलाफ ’‘जीरो टॉलरेंस’’ नीति के तहत एक संयुक्त कार्यवाही की है। पुलिस थाना नीमराना की टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलकर करीब 150 किलोग्राम संदिग्ध व संभावित रूप से मिलावटी पनीर जप्त कर उसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। नीमराना थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ईको वाहन में खराब गुणवत्ता का पनीर भरकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए संदिग्ध वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। वाहन के भीतर रखे तीन कोल्ड बॉक्सों से लगभग 150 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ। पनीर की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया ठीक नहीं लगने पर पुलिस ने तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दी और मौके पर बुलाया।
*हरियाणा के पलवल से लाया जा रहा था पनीर*
सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ.आशीष सिंह शेखावत के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकान्त शर्मा नीमराना थाने पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर गाड़ी व पनीर का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान वाहन के चालक व मालिक की पहचान उबैद पुत्र ईष्या के रूप में हुई, जो ग्राम मलाई तहसील हथीन, जिला पलवल, हरियाणा का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह पनीर पलवल से खरीदकर यहां बेचने के मकसद से लेकर आया था।
*सैंपल जांच के लिए भेजे, बाकी पनीर गड्ढे में दबाया*
भौतिक परीक्षण, रंग और गंध के आधार पर पनीर मिलावटी प्रतीत हुआ। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत पनीर का विधिवत सैंपल लेकर उसे सीलबंद किया गया, जिसे जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जायेगा। लैब से रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी। आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बचे हुए 150 किलो संदिग्ध पनीर को पुलिस और खाद्य विभाग की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर और मिट्टी में दबाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
*जिला पुलिस की त्वरित कार्यवाही*
जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशानुसार एएसपी नीमराना सुरेश कुमार खींची के निर्देशन व डीएसपी नीमराना चारुल गुप्ता के सुपरविजन में त्वरित कार्यवाही की गई। थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यवाही को अन्जाम दिया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कोई भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और विश्वसनीय दुकान का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी भी क्षेत्र में मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री बेचने या उसकी तस्करी करने की जानकारी मिलती है, तो तुरंत अपने नजदीकी थाने या खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते जनता के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।