जिला प्रभारी सचिव पूनम ने भिवाड़ी शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण

AYUSH ANTIMA
By -
0


खैरथल-तिजारा (जयबीर सिंह): जिला प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम ने मंगलवार को नगर परिषद भिवाड़ी सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला प्रभारी सचिव ने शिविर में नगर परिषद, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा तथा ऊर्जा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों एवं पंजीयन प्रक्रियाओं के बारे में व्यापक रूप से जागरूक किया जाए, ताकि पात्र व्यक्ति समय पर अपना पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेज तैयार करवा सकें तथा योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर बनवाने से नागरिकों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। शिविर के दौरान जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर अतुल प्रकाश द्वारा शिविर में आवासीय योजनाओं के तहत जारी सात पट्टों का वितरण किया गया। साथ ही एक नाम हस्तांतरण प्रकरण, तीन लीज मुक्ति प्रमाण पत्र तथा दो भवन निर्माण स्वीकृतियां भी लाभार्थियों को प्रदान की गईं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को प्रथम एवं द्वितीय किस्त की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 18 लाभार्थियों को 15-15 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत दो लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संयुक्त सहायता योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं बैसाखी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सा विभाग द्वारा टीबी रोगियों को निश्चय किट वितरित की गईं, जबकि ऊर्जा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को योजना से संबंधित स्वीकृति एवं लाभ प्रदान किए गए। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके तथा शिविरों का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल हो। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!