रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): रानीवाड़ा में मानवता और सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया। मेहसाणा से जोधपुर की यात्रा कर रहे 53 वर्षीय यात्री प्रदीप शर्मा की अहमदाबाद-जोधपुर ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन पर स्थानीय स्वयंसेवक सहायता के लिए पहुंचे। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष भानाराम बोहरा भी तत्काल अपनी गाड़ी लेकर स्टेशन पहुंचे। रेलवे स्टाफ और स्वयंसेवकों की मदद से प्रदीप शर्मा को एंबुलेंस के माध्यम से रानीवाड़ा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में हृदय संबंधी समस्या की आशंका होने पर चिकित्सकों ने उन्हें भीनमाल रेफर कर दिया। भानाराम बोहरा स्वयं मरीज के साथ भीनमाल पहुंचे, जहां आवश्यक जांच और उपचार के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें जोधपुर के मेडिपल्स अस्पताल ले जाया गया। इस बीच प्रदीप शर्मा के परिजनों, जो सुजानगढ़ के निकट रहते हैं, को भी सूचना देकर जोधपुर बुलाया गया।
भानाराम बोहरा मरीज को एंबुलेंस से जोधपुर स्थित मेडिपल्स अस्पताल में भर्ती कराने तक साथ रहे और परिजनों के पहुंचने तक उनकी देखभाल करते हुए हर आवश्यक व्यवस्था में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने भानाराम बोहरा के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बोहरा इससे पहले भी कई अवसरों पर जरूरतमंद लोगों की निस्वार्थ सहायता कर सामाजिक सेवा का परिचय दे चुके हैं।