रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): बड़गांव-रोड़ा सड़क मार्ग पर रामपुरा से अमरापुरा तक निजी सोलर कंपनी द्वारा विद्युत पोल खड़े कर लाइन बिछाने को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा हाल ही में निर्मित सड़क के किनारे सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की पटरी को क्षतिग्रस्त कर कार्य किया जा रहा है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और सड़क सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इस मामले को अतिक्रमण की श्रेणी में माना है, इसके बावजूद संबंधित कार्य जारी है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे इस प्रकार पोल लगाने से भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता भावेश राजपुरोहित ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई नहीं की तो आसपास के ग्रामीण स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
*नोट: इस संबंध में निजी सोलर कंपनी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।*