जीव सेवा के साथ जल संरक्षण का संदेश, अभियान के तहत पक्षियों के लिए परिंडे व पशुओं के लिए रखी जल टंकियां

AYUSH ANTIMA
By -
0



पावटा: भीषण गर्मी के दौर में पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से माता सुंदरी देवी सर्व समाज उत्थान समिति द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य किए गए। अभियान के तहत पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए तथा गौवंश एवं अन्य मूक पशुओं के लिए पानी की टंकियां स्थापित कर नियमित जल व्यवस्था का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान किड़ारोद स्थित श्री रामदास महाराज की बगीची व बालाजी मंदिर परिसर, भोमिया बाबा मंदिर परिसर तथा राठी वाली बगीची स्थित शंकरदास आश्रम में जल सेवा गतिविधियां आयोजित की गई। संत-महात्माओं के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में जीवों के प्रति करुणा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहन लाल सैनी ने कहा कि बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों और पशुओं के सामने पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर जलपात्र और परिंडे लगाकर जीवों की सेवा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और जीव संरक्षण दोनों एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं, जिनके प्रति जागरूकता समय की आवश्यकता है। मुख्य अतिथि राजेन्द्र यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जीव सेवा को सर्वोच्च पुण्य कार्य माना गया है। गर्मी के मौसम में मूक पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना मानवता और संवेदनशीलता का परिचायक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, विद्यालयों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर परिंडे लगाने तथा नियमित रूप से उनमें पानी भरने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज के लोग सामूहिक रूप से ऐसे प्रयास करें तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हजारों पशु-पक्षियों को जीवनदान मिल सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जीव सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर पप्पू स्वामी, सुभाष यादव, शंभूदयाल यादव सहित अनेक समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!