पावटा: ग्राम जोधपुरा के लिए बिजली क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) की स्थापना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना के लिए 2500 वर्गमीटर (लगभग एक बीघा) भूमि का आवंटन किया जा चुका है, वहीं 4 करोड़ 25 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी जारी कर दी गई है। इससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ प्राप्त होगा। इस स्वीकृति को क्षेत्रीय विधायक कुलदीप धनखड़ के लगातार प्रयासों और जनहित के मुद्दों की प्रभावी पैरवी का परिणाम माना जा रहा है। विधायक ने जोधपुरा क्षेत्र में बढ़ती आबादी, कृषि गतिविधियों तथा घरेलू एवं व्यावसायिक बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए नए जीएसएस की आवश्यकता को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में कम वोल्टेज, बार-बार बिजली ट्रिपिंग, तकनीकी फॉल्ट और विद्युत कटौती जैसी समस्याएं बनी हुई थीं। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई स्थानों पर कम वोल्टेज के कारण बिजली उपकरण भी सुचारू रूप से कार्य नहीं कर पाते थे। ऐसे में नए उपकेंद्र की स्वीकृति क्षेत्रवासियों के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही है। विधायक कुलदीप धनखड़ ने बताया कि उप केंद्र स्थापित होने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक मजबूत और सुचारू होगी। किसानों को सिंचाई कार्यों के लिए गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो सकेगी तथा बिजली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिजली ग्रेड बढ़ने से किसानों को सर्दी के मौसम में रात के समय खेतों में पानी देने की मजबूरी कम होगी और दिन के समय भी बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार नए ग्रिड के शुरू होने से जोधपुरा सहित आसपास के गांवों और ढाणियों के लगभग 3000 किसान एवं उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे। इससे बिजली वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी होगी और भविष्य की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी। विधायक ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया जीएसएस क्षेत्र के विकास को नई गति देगा तथा बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जोधपुरा और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर समयबद्ध तरीके से पूरा होगा, जिससे क्षेत्र को लंबे समय तक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिल सके।
जोधपुरा को मिली बड़ी सौगात, 33/11 केवी जीएसएस स्थापना को प्रशासनिक स्वीकृति
By -
June 04, 2026
0
Tags: