नीमराना (रिंकू बड़सीवाल): जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र स्थित होली चाइल्ड स्कूल में मंगलवार सुबह एक सुरक्षा गार्ड की हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने स्कूल के गार्ड की बेरहमी से हत्या कर उसका लहूलुहान शव स्कूल गेट के बाहर फेंक दिया। जानकारी के अनुसार गांव भूनगढ़ा अहीर निवासी सुरक्षा गार्ड सुभाष सैन (50) रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह जब दूसरा गार्ड ड्यूटी के लिए स्कूल पहुंचा तो सुभाष सैन स्कूल गेट के बाहर खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल स्कूल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। नीमराना डीएसपी चारुल गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नीमराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे स्कूल के एक माली के साथ चल रही पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक और माली के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद था। घटना के बाद से संबंधित माली फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया है। साथ ही स्कूल परिसर और गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हत्या के आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे नीमराना क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
होली चाइल्ड स्कूल के गार्ड की हत्या से सनसनी, सिर पर वार कर शव फेंका स्कूल गेट के बाहर
By -
June 09, 2026
0
Tags: