सूरजगढ़ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): उपखंड क्षेत्र के गांव काजड़ा के वार्ड नंबर 5 में स्थित बिजली के पोल लंबे समय से जर्जर अवस्था में खड़े हैं, जिससे क्षेत्र में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने इन पोलों को तत्काल बदलने की मांग की है। ग्राम सेवा सहकारी समिति के सदस्य विष्णु शर्मा ने बताया कि जर्जर पोलों की शिकायत स्थानीय लाइनमैन सहित विद्युत विभाग के जेईएन और एईएन को कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान में ये पोल कभी भी गिर सकते हैं, जिससे जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जर्जर पोलों को नहीं बदला गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
3/related/default