नीमराना (रिंकू बड़सीवाल): शुभ ग्रह सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी और बढ़े हुए मेंटेनेंस शुल्क को लेकर मंगलवार को सोसायटी के निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोसायटी अध्यक्ष हरकेश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सोसायटी अध्यक्ष हरकेश यादव एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रीनू कृष्ण यादव ने बताया कि सोसायटी में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। निवासियों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके बावजूद बिल्डर द्वारा सुविधाओं के नाम पर मनमाने तरीके से अधिक मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है। निवासियों का आरोप है कि भारी मेंटेनेंस चार्ज लेने के बावजूद सोसायटी में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। इसके अलावा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी अपेक्षित स्तर पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोसायटी के लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिल्डर द्वारा जल्द ही पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिल्डर प्रबंधन की होगी। प्रदर्शन में अध्यक्ष हरकेश यादव, पूर्व अध्यक्ष चरण सिंह राठी, पूर्व कोषाध्यक्ष रीनू कृष्ण यादव, किरण, राजवंती, पुष्पा, कविता, नेहा, मंजू, पिंकी, भैरू, कृष्णा, परमानंद, मनोज, अनूप यादव, मनीषा, शशि, ज्योति, अनिता राठी, अशोक हवलदार, सुनील सैनी, चंद्रकांत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासी मौजूद रहे। निवासियों ने प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने तथा सोसायटी में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
सुविधाओं के अभाव पर फूटा शुभ ग्रह सोसायटी के निवासियों का गुस्सा, बिल्डर के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन
By -
June 09, 2026
0
Tags: