नीमराना (रिंकू बड़सीवाल): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र में कार्यरत पटवारी धर्म सिंह को 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय की टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी धर्म सिंह पटवार हल्का दोसौद में पटवारी के पद पर कार्यरत है तथा पटवार हल्का रैवाना का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहा था। एसीबी को प्राप्त शिकायत के अनुसार परिवादी की ग्राम तलवाना, पटवार हल्का रैवाना, तहसील नीमराना में स्थित भूमि के संबंध में नामांतरण और सीमांकन का कार्य लंबित था। आरोप है कि पटवारी ने पहले नामांतरण कार्य के बदले रिश्वत की मांग की थी। बाद में परिवादी द्वारा जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन करने पर आरोपी ने कार्य करने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने रिश्वत की राशि में 500 रुपये कम कर 4500 रुपये लेने पर सहमति जताई। इसके बाद उप महानिरीक्षक ओम प्रकाश मीणा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में गठित टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को 4500 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रकरण में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।