विराट नगर: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विराट नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा जवानपुरा ने शुक्रवार को तेवड़ी गांव में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का साफा पहनाकर व माल्यार्पण कर स्वागत किया।
*जन कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन शर्मा ने कहा, "मोदी सरकार निरंतर देश हित में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। आधारभूत ढांचा मजबूत करने के साथ ही गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं के लिए समर्पित मोदी सरकार ने 12 वर्षों में भारत को मजबूती से आगे बढ़ाया है।" उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वला, आयुष्मान, पीएम आवास व किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी।
*राम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक*
वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश यादव ने कहा, "मोदी सरकार ने देश के करोड़ों सनातनियों के 500 वर्षों के संघर्ष को परिणाम में बदलते हुए अयोध्या में भव्य प्रभु श्रीराम का मंदिर निर्माण कराया। यह हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण है।" पूर्व मंडल अध्यक्ष बोदीलाल प्रजापत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि अनेक वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
*ये रहे मौजूद*
इस अवसर पर पूर्व सरपंच नाथूलाल मीणा, भागीरथ शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता भंवर सिंह शेखावत, बूथ अध्यक्ष पूरणमल शर्मा पापड़ी, उप सरपंच सरदारा राम गुर्जर, बूथ अध्यक्ष महेश सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता दाता राम गुर्जर, लोकेश शर्मा, कमल गुर्जर, संजू बुनकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।