मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कहा— बेटियों की सुरक्षा पर समझौता बर्दाश्त नहीं

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली: प्रताप नगर, जयपुर निवासी मनीष गर्ग की पुत्री वंशिका गर्ग के साथ हुई दर्दनाक एवं हृदय विदारक घटना को लेकर अग्रवाल समाज, कोटपूतली में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष एडवोकेट योगेश शरण बंसल के नेतृत्व में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता को मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि वंशिका के साथ हुई यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज की संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना है। ऐसी घटनाएं हर माता-पिता के मन में अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता उत्पन्न करती हैं तथा समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा करती हैं। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा किसी भी सभ्य समाज की पहचान होती है, इसलिए इस प्रकार के जघन्य अपराधों पर कठोर अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। अग्रवाल समाज ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उन्हें कानून के तहत कठोरतम दंड दिलाया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घटनाओं को अंजाम देने का साहस न कर सके। साथ ही प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए तथा त्वरित न्याय की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
समाज ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सम्पूर्ण अग्रवाल समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है। समाज के लोगों ने वंशिका को न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग एवं संघर्ष करने का संकल्प भी व्यक्त किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान अग्रवाल समाज अध्यक्ष एडवोकेट योगेश शरण बंसल, उपाध्यक्ष कुलदीप बंसल, मीडिया प्रभारी हेमन्त मोरीजावाला, मनोज अग्रवाल, सांवरमल गोयल, दिनेश सिंघल, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल, कमल गर्ग, राजेश सवाईका सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि—"वंशिका को न्याय मिलना केवल एक परिवार की मांग नहीं, बल्कि समाज की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा प्रश्न है। बेटियों की गरिमा, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए दोषियों को कठोरतम दंड मिलना आवश्यक है। जब तक वंशिका को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक अग्रवाल समाज की यह आवाज निरंतर बुलंद होती रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!