निवाई (लालचंद माली): स्थानीय उप जिला अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर एक बड़ी कमी सामने आ रही है, जिसके कारण क्षेत्र के मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में वर्तमान समय में कोई भी एलर्जी रोग विशेषज्ञ नहीं है। जिससे क्षेत्र में एलर्जी की बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उचित और समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। एलर्जी की समस्या से लंबे समय से परेशान चल रहे गिर्राज चौधरी, कैलाश बोहरा, राजेन्द्र शर्मा, सुदामा भांवता, कमल शर्मा, विकास बोकण, बाबूलाल मीणा व मुकेश मीणा ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि निवाई के इस मुख्य अस्पताल में एलर्जी रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त होने या उपलब्धता न होने से मरीजों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थानीय स्तर पर इलाज की व्यवस्था नहीं होने के कारण मजबूरी में मरीजों को टोंक व जयपुर सहित अन्य बड़े शहरों के निजी व सरकारी अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ रहा है। बाहर जाने की मजबूरी के कारण न केवल मरीजों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि उन्हें अपनी जेब से भारी-भरकम राशि भी खर्च करनी पड़ रही है, जिससे उनके ऊपर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए नागरिकों ने विधायक रामसहाय वर्मा से मुलाकात करके अस्पताल की इस समस्या से अवगत कराया। उन्होंने विधायक से मांग की है कि आमजन के स्वास्थ्य एवं सहूलियत को ध्यान में रखते हुए निवाई के उप जिला अस्पताल में जल्द से जल्द एलर्जी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति करवाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़े और उन्हें अपने ही शहर में राहत मिल सके। इस जायज और बेहद जरूरी मांग को विधायक रामसहाय वर्मा ने गंभीरता से लिया। उन्होंने नागरिकों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वह इस मामले में तुरंत उच्च स्तर पर पैरवी करेंगे। विधायक ने आश्वासन दिया है कि चिकित्सा विभाग के उच्च अधिकारियों से बात करके निवाई अस्पताल में शीघ्र ही एलर्जी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति सुनिश्चित करवाई जाएगी ताकि क्षेत्र के रोगियों को इस बड़ी परेशानी से निजात मिल सके।
एलर्जी रोग विशेषज्ञ नहीं होने से मरीज परेशान, विभाग बेखबर, जिम्मेदार मौन
By -
June 06, 2026
0
Tags: