नीमराना: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नीमराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित जीडी फूड इंडिया लिमिटेड में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत हजारों श्रमिकों, विशेषकर महिला श्रमिकों ने अपने-अपने पौधे लगाकर “स्वच्छ एवं हरित नीमराना” अभियान का शुभारंभ किया। कंपनी द्वारा करीब 5000 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया आयाम स्थापित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा परिसर में लगभग 50 पौधे लगाकर की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित श्रमिकों को पौधे वितरित किए गए और उन्हें वृक्षारोपण तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर कंपनी के सीओओ अरविंद शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार किसी उद्योग को गति देने के लिए कामगारों की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार मानव जीवन के लिए शुद्ध प्राणवायु अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींची ने श्रमिकों को पौधे वितरित करते हुए उनकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षों की कटाई रोकने तथा जन्मदिन एवं विवाह वर्षगांठ जैसे विशेष अवसरों पर पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
रीको के वरिष्ठ महाप्रबंधक राहुल भट्ट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज को कठोर और सकारात्मक कदम उठाने होंगे। उन्होंने सभी से अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि शुद्ध जल और स्वच्छ वायु को हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर के रूप में सुरक्षित रखना होगा। नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति और पौराणिक मान्यताओं में एक पेड़ को पुत्र के समान माना गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षों से मिलने वाले अनगिनत लाभों को समझते हुए उनके संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी बनाना चाहिए। साथ ही जल संरक्षण को भी जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान करीब 5000 पौधों का वितरण किया गया। महिला श्रमिकों ने विशेष उत्साह के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल और हरित वातावरण निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। इस अवसर पर एएमडी अदित गुप्ता, प्लांट हेड दिनेश गोयल, विशाल बग्गा, मोहन सिंह नेगी, मुदित गोयल, अंशिता अरोड़ा, अजय गौड़, आकाश कुमार सहित कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जन-जागरूकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने नीमराना को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया।