चूना फैक्ट्री के पास हाईवे पर हादसा, बाइक फिसलने से ट्रक की चपेट में आए तीन लोग, जयपुर रेफर

AYUSH ANTIMA
By -
0

पावटा: प्रागपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर पश्चात करीब 03 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर चूना फैक्ट्री के पास एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक संख्या RJ 52 SB 4303 पर सवार आंतेला निवासी कुलदीप नागर, पूजा पत्नी प्रवीण एवं सात वर्षीय तन्मय पावटा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चूना फैक्ट्री के समीप हाईवे पर फैली मिट्टी के कारण बाइक अचानक असंतुलित होकर फिसल गई और पास से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक संख्या HP 12 J 3748 को चालक दर्शन कुमार चला रहा था, जो जयपुर से हिमाचल प्रदेश की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल पावटा पहुंचाया। हादसे में पूजा नागर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कुलदीप नागर और बालक तन्मय को भी चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल, जयपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिट्टी हटाने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसे हादसे और भी गंभीर रूप ले सकते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!