नहर में डूबे दो युवकों में एक का मिला शव, दूसरे की खोज जारी

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: जिले के महाजन थाना इलाके में कंवरसेन वितरिका नहर में डूबे दो युवकों में से एक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद से प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार महाजन निवासी दो युवक मंगलवार दोपहर नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। देर शाम तक नहर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान दिनेश मेघवाल पुत्र सुरजाराम मेघवाल का शव नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि दूसरे युवक जगदीश मेघवाल की तलाश में टीम जुटी हुई है। नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोजबीन की जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही युवक का पता लगाया जा सकेगा। घटनास्थल पर उप तहसीलदार सुंदरपाल गोदारा, महाजन पुलिस के अधिकारी तथा एसडीआरएफ की टीम मौजूद है। प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। दो युवकों के नहर में डूबने की घटना से महाजन क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं और दूसरे युवक की तलाश पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।

*मंगलवार शाम को नहाने उतरे तीन युवक*

बता दे कि मंगलवार शाम को कंवरसेन नहर में महाजन गांव निवासी तीन युवक नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान पानी का तेज बहाव होने से तीनों संतुलन खो बैठे और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को बचा लिया, लेकिन दो युवक तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही महाजन पुलिस थाना से हेड कांस्टेबल बाबूलाल जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और राहत दल की सहायता से दोनों युवकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया था लेकिन रात तक किसी भी युवक का शव बरामद नहीं हुआ था। हादसे की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!