ताईक्वाण्डो खेल प्रमाण पत्र प्रकरण में ₹10,000/- के इनामी दलाल/अभियुक्त कप्तान सिंह एवं उसके साथी दलाल विष्णु भाखरीवाल गिरफ्तार

AYUSH ANTIMA
By -
0

जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): विशाल बंसल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एसओजी, राजस्थान, जयपुर ने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड, दुर्गापुरा, जयपुर द्वारा वर्ष 2021-22 में आयोजित तृतीय श्रेणी अध्यापक (लेवल-1) भर्ती परीक्षा में ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें खेल कोटे के 02 प्रतिशत आरक्षण के अंतर्गत ताईक्वाण्डो खेल के फर्जी खेल प्रमाण पत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन होना पाया गया। एसओजी की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा फर्जी ताईक्वाण्डो खेल प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए तथा ताईक्वाण्डो फेडरेशन ऑफ इंडिया, धनबाद के नाम से फर्जी एवं कूटरचित ई-मेल आईडी तैयार कर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की नियुक्ति शाखा की ई-मेल आईडी पर फर्जी सत्यापन रिपोर्ट प्रेषित की गई, जिसके आधार पर अभ्यर्थियों ने राजकीय नौकरी प्राप्त की। इस संबंध में एसओजी में दर्ज प्रकरण संख्या 33/2024 एवं 40/2024, धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी भारतीय दंड संहिता एवं 66-डी आईटी एक्ट में अभ्यर्थीगण/आरोपीगण मनोज कुमार गुर्जर, हेमलता गुर्जर एवं सियाराम गुर्जर द्वारा "थर्ड भगवान महावीर ओपन नेशनल ताईक्वाण्डो चैम्पियनशिप 2017" के फर्जी खेल प्रमाण पत्र एवं कूटरचित सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर तृतीय श्रेणी अध्यापक के पद पर राजकीय नौकरी प्राप्त करना पाया गया। उपरोक्त दोनों प्रकरणों में तीनों अभ्यर्थियों/अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। उक्त अभियुक्तों से किए गए अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि तीनों ने कप्तान सिंह उर्फ गुर्जर कप्तान सिंह पुत्र भगवत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी सागरपुर, थाना नादौती, जिला करौली से प्रति व्यक्ति ₹40,000/- नकद देकर फर्जी ताईक्वाण्डो खेल प्रमाण पत्र प्राप्त किए थे तथा उन्हीं के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की। दोनों प्रकरणों में अभियुक्त कप्तान सिंह की गिरफ्तारी हेतु पिछले लगभग 02 वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे तथा उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000/- का इनाम घोषित था। उपमहानिरीक्षक पुलिस एसओजी भुवन भूषण यादव के नेतृत्व में एसओजी के ऑपरेशंस विंग के प्रभारी प्रकाश शर्मा, एडिशनल एसपी द्वारा तकनीकी एवं ग्राउंड लेवल पर अनुसंधान करते हुए एसओजी की ऑपरेशन्स टीम ने जिला करौली में उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अभिरक्षा के दौरान पूछताछ में अभियुक्त कप्तान सिंह ने बताया कि उसने अपने रिश्ते के जीजा मनोज कुमार गुर्जर, निवासी तिघरिया के कहने पर उसके तथा उसके गांव तिघरिया के सियाराम गुर्जर एवं हेमलता गुर्जर के लिए ताईक्वाण्डो खेल के "थर्ड भगवान महावीर ओपन नेशनल ताईक्वाण्डो चैम्पियनशिप 2017" के प्रिंटेड फर्जी प्रमाण पत्र विष्णु भाखरीवाल पुत्र गजानन्द भाखरीवाल, उम्र 25 वर्ष, जाति रेगर, निवासी बड़ा मोहल्ला, लालचंदपुरा, थाना खोराबिसल, जिला जयपुर से ₹60,000/- नकद एवं ऑनलाइन भुगतान कर प्राप्त किए थे। इसके एवज में कप्तान सिंह ने तीनों अभ्यर्थियों/आरोपीगण से कुल ₹1,20,000/- नकद राशि प्राप्त की। प्रकरण में अभियुक्त विष्णु भाखरीवाल को दिनांक 09.06.2026 को सायंकाल गिरफ्तार किया गया। उससे किए गए अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त कप्तान सिंह एवं विष्णु भाखरीवाल पिछले लगभग 05 वर्षों से नीलकंठ एकेडमी, निवारू रोड, जयपुर में फौज की तैयारी के दौरान मिले और आपस में घनिष्ठ मित्र बन गए।कप्तान सिंह द्वारा नेशनल लेवल के खेल प्रमाण पत्र की व्यवस्था करने हेतु कहने पर विष्णु भाखरीवाल ने अपने परिचित बालकंवर सैनी से संपर्क किया, जो मदर डेयरी स्कूल, निवारू रोड बाईपास, जयपुर में ताईक्वाण्डो एकेडमी संचालित करता है। बालकंवर सैनी द्वारा लगभग ₹20,000/- नकद एवं ऑनलाइन लेकर खाली प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए, जिनमें बाद में विष्णु भाखरीवाल एवं बालकंवर सैनी द्वारा अभ्यर्थियों/आरोपीगण मनोज कुमार गुर्जर, सियाराम गुर्जर एवं हेमलता गुर्जर के नाम एवं श्रेणी दर्ज की गई। अनुसंधान के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि अभियुक्त बालकंवर सैनी वर्तमान में थाना करधनी, जयपुर में दर्ज एक अन्य प्रकरण (छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म) में लगभग 15 माह से केंद्रीय कारागृह, जयपुर में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है। उसे प्रकरण में अनुसंधान हेतु माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से लिया जाएगा।अभियुक्तगण कप्तान सिंह एवं विष्णु भाखरीवाल का दिनांक 11.06.2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमाण्ड प्राप्त किया गया है तथा प्रकरण में अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच हेतु विस्तृत पूछताछ जारी है। प्रकरण में ताईक्वाण्डो फेडरेशन ऑफ इंडिया, धनबाद के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी तैयार कर कूटरचित सत्यापन रिपोर्ट प्रेषित करने वाले बिमलेन्दु कुमार झा, उसके सहयोगी कमल सिंह, दलाल हितेश भादू, नारायण सिंह, रंगलाल रेगर, प्रद्युम्न गुर्जर, राजस्थान ताईक्वाण्डो एसोसिएशन के महासचिव दिनेश जगरवाल तथा अभ्यर्थी/आरोपीगण मनोज कुमार गुर्जर एवं हेमलता गुर्जर को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।प्रकरण में अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसओजी द्वारा सतत प्रयास जारी हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!