विराटनगर: क्षेत्र के ग्राम बिलाली में चल रहे धार्मिक यज्ञ कार्यक्रम के दौरान शनिवार को अचानक आए तेज तूफान के कारण बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं के चलते कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया विशाल टैंट अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि टैंट गिरने से कुछ क्षण पहले ही अधिकांश श्रद्धालु सुरक्षित बाहर निकल चुके थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंट गिरने के दौरान कुछ लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में ओली की ढाणी (खारवा, बिलाली) निवासी रोशन स्वामी (50) पुत्र मामराज तथा सुगन चंद (60) पुत्र बोदनराम घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों एवं मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर के नर्सिंग अधिकारी श्रीराम सराधना ने बताया कि घायल रोशन स्वामी को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया है, जबकि दूसरे घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद यज्ञ स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित राहत कार्य के चलते बड़ा नुकसान होने से बच गया।
3/related/default