निवाई (लालचंद माली): गुंसी राहोली सड़क मार्ग पर स्थित सजिया रेलवे फाटक के पास मुख्य रोड पर मंगलवार की रात एक अज्ञात वाहन ने बाईक पर सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक किशोर की मौत एवं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर थानाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 8 बजे अजय पुत्र पप्पू कालबेलिया उम्र 16 वर्ष व अजय पुत्र डालूराम कालबेलिया दोनों निवासी कालबेलिया की ढाणी सजिया बाईक पर सवार होकर सजिया से गुंसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सजिया रेलवे फाटक के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाईक के टक्कर मार दी। जिससे अजय पुत्र पप्पू कालबेलिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत एवं अजय पुत्र डालूराम कालबेलिया गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गंभीर घायल अजय कालबेलिया को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल निवाई में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार करके जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्ट मार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। प्रत्येक्षदर्शी पुलिस सहायक उप निरीक्षक अमर चन्द ने बताया कि घटना की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे, तो वहां पर अजय पुत्र पप्पू कालबेलिया का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था एवं अजय पुत्र डालूराम कालबेलिया घायल अवस्था में अचेत पड़ा हुआ था तथा बाईक पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। हमने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया एवं मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से एक किशोर की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, जयपुर रेफर
By -
June 10, 2026
0
Tags: