निवाई (लालचंद माली): नगर पालिका के तत्वावधान में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय छोटे व्यापारियों व रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट ने उपस्थित लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मेले एवं महोत्सव का मुख्य ध्येय समाज के उस अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो अपनी मेहनत के दम पर आजीविका चलाता है। उन्होंने सभी छोटे दुकानदारों, स्ट्रीट वेंडर्स एवं रेहड़ी-पटरी वालों का आह्वान किया कि वे इस सरकारी योजना का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं एवं ऋण राशि प्राप्त कर अपने व्यवसाय को एक नई ऊंचाई और विस्तार दें ताकि वह आत्मनिर्भर बन सकें। अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट ने मेले की प्रगति एवं भविष्य की जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा इस लोक कल्याण मेले एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन 30 जून तक निरंतर जारी रखा जाएगा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से रेहड़ी-पटरी वालों एवं छोटे व्यापारियों को तीन चरणों में आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रथम चरण में 15 हजार रूपए की ऋण राशि, द्वितीय चरण में 25 हजार रूपए की ऋण राशि एवं तृतीय चरण में 50 हजार रूपए की ऋण राशि सीधे बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही शिविर को आधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिसके तहत मौके पर ही स्ट्रीट वेंडर्स के मोबाइल में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड इंस्टॉल किए जा रहे हैं, उन्हें क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी जा रही है एवं सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। नगर पालिका की टीम द्वारा तत्परता से कार्य करते हुए प्राप्त आवेदनों में से 6 आवेदकों के ऋण को तुरंत प्रभाव से स्वीकृत करवा लिया गया है एवं 2 आवेदकों को मौके पर ही ऋण राशि का वितरण भी कर दिया गया है। शिविर में आरआई मनिष गौर, स्वास्थ्य निरीक्षक गजेन्द्र सिंह, सहायक अभियंता चन्द्रप्रकाश मीणा, सहायक अभियंता पप्पूलाल मीणा, कनिष्ठ अभिंयंता राजप्रताप सिंह राणावत, कनिष्ठ अभियंता कमलेश कुन्थल व सामुदायिक संगठक गणेश शर्मा सहित कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
*प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए एक वरदान- मनोहर लाल जाट
By -
June 08, 2026
0
Tags: