रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राजस्थान ग्रामीण बैंक, शाखा रानीवाड़ा द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत एक मृतक किसान के परिजन को दो लाख रुपये की बीमा सहायता राशि का धनादेश प्रदान किया गया। यह सहायता राशि योजना के तहत बीमित व्यक्ति के निधन के बाद नामांकित परिजन को दी गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार दहीपुर निवासी ईशाराम पुत्र सामतीराम लुहार की खेत में कृषि कार्य के दौरान सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। ईशाराम राजस्थान ग्रामीण बैंक के खाताधारक थे तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमित थे। वित्तीय साक्षरता केंद्र रानीवाड़ा के सहयोग से बैंक द्वारा मृतक की पत्नी एवं नामांकित लाभार्थी सुखी देवी को दो लाख रुपये की बीमा सहायता राशि का धनादेश सौंपा गया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक अंकित कुमार पालीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आमजन के लिए सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर योजना के तहत दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने पात्र नागरिकों से इस योजना से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की। धनादेश वितरण कार्यक्रम में बैंक अधिकारी योगेश कुमार मीणा, दीपेंद्र कुमार, सोनू चौहान, नाथूराम सैन, वित्तीय साक्षरता केंद्र रानीवाड़ा के केंद्र प्रबंधक भंवरलाल तथा जन सेवा केंद्र संचालक लक्ष्मण पंचाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत मृतक किसान की पत्नी को दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान
By -
June 05, 2026
0
Tags: