ग्रामीणों ने अटल सेवा केंद्र में जिला कलक्टर का घंटों किया इंतजार, एसडीएम ने संभाली कमान, मौके पर सुने ग्रामीणों के अभाव-अभियोग

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली (ईशाक खान): निकटवर्ती ग्राम पंचायत गोनेड़ा के अटल सेवा केंद्र में प्रस्तावित रात्रि चौपाल और जनसुनवाई में उस समय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई, जब निर्धारित समय बीतने के घंटों बाद भी जिला कलक्टर मौके पर नहीं पहुंचीं। कलक्टर के ना आने से नाराज और गांव की बदहाल व्यवस्थाओं से त्रस्त ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष जताया। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मूलभूत सुविधाओं के जल्द समाधान की मांग की। जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार रात्रि को जिला कलक्टर को खुद चौपाल में पहुंचकर आमजन की समस्यायें सुननी थीं। गांव की गंभीर समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें तैयार करके शाम 06 बजे ही अटल सेवा केंद्र पहुंच गये थे। घंटों इंतजार के बाद भी कलक्टर के नहीं आने पर ग्रामीणों में भारी निराशा और नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा खुद तय किए गए कार्यक्रमों में ना आने से आमजन का सिस्टम पर भरोसा कम होता है। हालांकि कलक्टर के ना पहुंचने के कारणों की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी। ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनवरी 2023 में गोनेड़ा को ग्राम पंचायत से हटाकर नगर परिषद क्षेत्र में शामिल तो कर लिया गया, लेकिन इसके बाद से गांव की सुविधाएं पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत बनी पांच बोरिंग में से केवल एक चालू है और चार बंद पड़ी हैं। कई घरों में अब तक नल कनेक्शन नहीं हैं। पाईपलाईन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत ना होने से रास्ते पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। जगह-जगह से टूटी पाईपलाईनों के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है और घरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने से नालियों में कचरा जमा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों के पद खाली चल रहे हैं। वहीं पुरानी बिजली लाईनों के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। ग्रामीणों ने गांव के मुख्य मार्गों पर एलईडी लाईटें लगाने की भी मांग की। जिला कलक्टर की अनुपस्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद एसडीएम योगेश सिंह देवल ने रात्रि चौपाल की कमान संभाली। उन्होंने ग्रामीणों के परिवाद (शिकायतें) बेहद गंभीरता से सुने और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करवाया। एसडीएम ने पेयजल, सफाई और बिजली से जुड़ी कई स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देकर निस्तारण करवाया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियुक्ति और अन्य बड़े मुद्दों को लेकर उच्च स्तर पर त्वरित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!