कोटपूतली-बहरोड़: राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले भर में 1 जून से 30 जून 2026 तक यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वाहनों में किए गए अवैध मॉडिफिकेशन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म तथा नियमों के विपरीत नंबर प्लेट लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों की जांच कर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा नंबर प्लेट पर जाति, पद, संगठन, राजनीतिक पहचान अथवा अन्य अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन अंकित कर पंजीयन नंबर की दृश्यता प्रभावित करने वाले वाहन चालकों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) ने वाहन मालिकों से मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की भी अपील की है।
3/related/default