श्रमिक का शव किराये के कमरे में मिलने से सनसनी: पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

AYUSH ANTIMA
By -
0


बहरोड़ (संदीप भारद्वाज): एचपी गैस गोदाम के पास स्थित एक किराए के कमरे में श्रमिक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश (45) पुत्र रामचरण रावत निवासी कचौरा घाट, थाना चित्राहाट, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। राजेश अविवाहित था और अपने परिवार में सात भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह रोजगार के सिलसिले में बहरोड़ में रह रहा था और औद्योगिक क्षेत्र स्थित ऑटोनियम कंपनी में श्रमिक के रूप में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार राजेश बुधवार रात अपने कमरे पर सोने गया था, सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। कमरे में जाकर देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे बहरोड़ पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!