कोटपूतली: जिले की तहसील के ग्राम मोहनपुरा (जोधपुरा) के ग्रामीणों ने शनिवार को जयपुर आवास पर आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कोटपूतली में प्रस्तावित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के विरुद्ध जोधपुरा संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले 1275 दिनों से अधिक समय से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने की विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों ने सांसद बेनीवाल को बताया कि वे स्वास्थ्य, पर्यावरण, कृषि भूमि और जल स्रोतों को बचाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से लगातार संघर्ष कर रहे हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने भी ग्रामीणों की परिवेदना सुनकर प्लांट के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, मगर राज्य सरकार और जिला प्रशासन एनजीटी के उन निर्देशों की पालना नहीं कर रहे हैं।
मुलाकात के दौरान ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल का साफा बंधवाकर अभिनंदन किया और आंदोलन को समर्थन देने के लिए आभार जताया। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि वे जल्द ही इस आंदोलन के मुद्दों को लेकर सक्षम स्तर पर वार्ता करेंगे और ग्रामीणों की मांगों को मजबूती से उठाएंगे। 1275 दिनों से जारी इस धरने को अब सांसद बेनीवाल के हस्तक्षेप के बाद नई गति मिलने की उम्मीद है।