सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): राजस्थान में रोज लूटपाट हो रही है, अत्याचार हो रहे हैं, गोलियां चल रही है, अधिकारी मोटा पैसा दे रहे हैं, अगर सरकार से सवाल पूछो तो हिंदू मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद करते हैं। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने डांग क्षेत्र के गांव सकरघटा में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे नेता संघर्ष कर लड़ रहे हैं, ईडी-सीबीआई का मुकाबला कर रहे हैं, सरकार द्वारा कांग्रेस के खातों को सीज किया जा रहा है। पायलट ने कहा कि यह कांग्रेस या विपक्ष पर ही प्रहार नहीं है, यह 75 साल में लोकतंत्र की जो जड़े मजबूत हुई थी, उन जड़ों को कमजोर किया जा रहा है। पायलट ने कहा कि फसल के लिए खाद, बीज, डीएपी, बिजली, पानी महंगे हो रहे हैं, महंगाई आसमान छू रही है। पायलट ने कहा कि किसानों को अपनी फसल के सही दाम नहीं मिल रहे हैं, फसल खराब होने पर मुआवजा मिलता नहीं है। अमीर गरीब की खाई बढ़ रही है, जो उन्नति शहरों में हो रही है, वह गांव में नहीं है। मनरेगा के काम लगभग लगभग समाप्त हो चुके हैं। पायलट ने कहा कि गैरकानूनी तरीके से जो लोगों का हक छीनता है, मैं उनके खिलाफ हूं, हर समस्या का समाधान है। पायलट ने कहा कि जात व धर्म के नाम पर हम राजनैतिक लाभ नहीं उठाने देंगे। सचिन पायलट ने करौली जिले के प्रमुख पांचना बांध पर बोलते हुए कहा कि सरकार को सभी लोगों से मिलकर बात करनी चाहिए, सभी को संतुष्ट कर समस्या का समाधान करें। इससे पहले पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने अपने पिता व कांग्रेस के दिग्गज नेता स्वर्गीय राजेश पायलट की प्रतिमा का अनावरण किया। हिंडौन देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रमोद तिवाड़ी ने बताया कि सचिन पायलट बुधवार को सुबह 10:30 बजे ट्रेन मार्ग से हिंडौन रेलवे स्टेशन पर उतरे। जहां पर पहले से ही मौजूद करौली-धौलपुर सांसद भजन लाल जाटव, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमेश मीणा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं टोडाभीम विधायक घनश्याम मेहर, हिंडौन विधायक अनीता जाटव, करौली के पूर्व विधायक लाखन सिंह कटकड, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजीव शुक्ला, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश मामू, हिंडौन के पूर्व चेयरमैन भगवान सहाय शर्मा, कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नरेश गुर्जर, हिंडौन देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष योगेंद्र मावई, दलवीर चौधरी, इंद्राज जाटव, तारा गुर्जर सहित काफी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट की अगवानी करते हुए जयकारो के साथ स्वागत सम्मान किया। स्टेशन से बाहर निकलते ही जेसीबी द्वारा पुष्प वर्षा की गई। वृंदावन रिसोर्ट में पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनके हाल-चाल पूछे। पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट हिंडौन के बयाना मार्ग पर स्थित विधायक अनीता जाटव के निवास पर पहुंचे, जहां पर विधायक अनीता जाटव सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने गर्मजोशी के साथ सचिन पायलट का स्वागत सम्मान किया। जट नगला के पेट्रोल पंप के सामने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजीव शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेसी बत्तू मेंबर, सैनी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी मोहर सिंह सैनी, हिंडौन देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रमोद तिवाड़ी, कांग्रेस के युवा नेता हनी दत्ता, संपत कटकडिया, पुरुषोत्तम बंसीवाल, कल्ला खान, रिंकू मीणा, राहुल मीणा, दिलीप महावर, रोशन ख़ान आदि कार्यकर्ताओं ने पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट को माला व कांग्रेस का पट्टा पहनाकर जयकारों के साथ अभिनंदन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचरण खुरसटपुरा ने फूलों की माला पहनाकर पायलट का स्वागत किया। रास्ते में पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पायलट को जगह जगह पर लोगों ने मालाये पहनाई एवं ढोल नगाड़ों, पुष्प वर्षा, शरबत, जूस, ठंडाई, कोल्ड ड्रिंक पिलाते हुए स्वागत सम्मान के साथ गांव सकरघटा पहुंचे।
3/related/default