बीकानेर: राजस्थान शिक्षा विभाग संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले शिक्षा निदेशालय के समक्ष नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया गया। धरने में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों राजस्थान शिक्षा विभाग के संविदा कर्मचारी संघ शामिल हुए तथा अपनी वर्षों पुरानी मांग को लेकर एकजुटता का परिचय दिया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि राजस्थान शिक्षा विभाग के संविदा कर्मचारी पिछले लम्बे समय से शिक्षा विभाग में निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इसके बावजूद आज दिनांक तक इनका स्थायीकरण नहीं किया गया है, जिससे प्रदेश भर के संविदाकर्मियों में गहरा रोष व्याप्त है। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जन घोषणा पत्र में राजस्थान शिक्षा विभाग के संविदा कार्मिकों के नियमितीकरण का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से अपने वादे को पूरा करते हुए शीघ्र नियमितीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण जसरापुर के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ यह अनिश्चितकालीन धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार नियमितीकरण संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती। संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के समस्त राजस्थान शिक्षा विभाग के संविदा कर्मचारी संघ से आंदोलन को मजबूत बनाने एवं अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
3/related/default