कोटपूतली (ईशाक खान): यहां के राजकीय एलबीएस पीजी महाविद्यालय में गुरूवार को राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी व स्काउट गाइड के संयुक्त तत्वाधान में वंदे जल संरक्षण जन अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अलख जगाने के लिये कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने स्लोगन के जरिये पानी बचाने का संदेश दिया। युवाओं ने जल संकट के समाधान और पर्यावरण संतुलन पर विचार साझा किये। कैनवास पर पानी की हर बूंद को सहेजने की महत्ता को उकेरा गया। विद्यार्थियों ने आमजन व कॉलेज परिसर को जागरूक करने के लिये जागरूकता दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही जल संरक्षण के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिये स्वयंसेवक जसवंत, अजय राज व कैडेट शर्मिला ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इस दौरान पानी की बर्बादी को रोकने और पारंपरिक जल स्त्रोतों को सहेजने पर आधारित प्रस्तुति दी गई। प्राचार्य प्रो. राजेंद्र कुमार सिंह ने जल संचयन एवं उसके विवेकपूर्ण उपयोग की सामूहिक शपथ दिलाई, जिसके बाद सभी ने एकजुट होकर महाविद्यालय प्रांगण में साफ-सफाई की और श्रमदान कर पर्यावरण स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान छात्र-छात्रायें व स्टॉफ मौजूद रहा।
3/related/default