कोटपूतली। (ईशाक खान): राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर स्थित कृष्णा हॉस्पिटल के सामने गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सर्विस लेन में जा घुसी और वहां खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार दिल्ली की ओर से आ रही थी। अचानक नियंत्रण खोने के बाद वाहन सर्विस लेन में पहुंच गया और खड़े वाहनों से टकरा गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। इस घटना के बाद एनएच-48 की सर्विस लेनों पर लगातार हो रही अवैध पार्किंग को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी निजी अस्पतालों के बाहर सर्विस लेनों पर खड़े वाहनों से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और दुर्घटना की आशंका को लेकर समाचार प्रकाशित किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सर्विस लेनों पर अवैध पार्किंग रोकने और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए ठोस कदम उठाए जाते तो नुकसान को कम किया जा सकता था। घटना के बाद वाहन मालिकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। लोगों ने हाईवे की सर्विस लेनों से अवैध पार्किंग हटाने और निजी अस्पतालों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।