निवाई (लालचंद माली): गांव डांगरथल में खेत में कृषि कार्य करने के दौरान करंट की चपेट में आने से दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। डांगरथल निवासी नानगराम शर्मा (55) खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। पति को तड़पता देख पत्नी राम रक्खी (50) उन्हें बचाने दौड़ी, लेकिन वो खुद भी करंट की चपेट में आ गईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। काफी देर तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खेत पर जाकर देखा। वहां दोनों के शव अचेत अवस्था में पड़े मिले, जिसे देखकर कोहराम मच गया। सूचना पर थानाधिकारी घासीराम मीणा मय पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे की खबर मिलने पर डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। डांगरथल निवासी एडवाकेट सीताराम शर्मा ने बताया कि मृतक अपने खेत पर चारा काटने गया था। खेत में बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसमें करंट प्रभावित था। मृतक नानगराम शर्मा को तार दिखाई नहीं दिया और उसका पांव तार पर रख गया। जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विद्युत लाईन का शटडाउन करवाकर पति-पत्नी के शवों को कब्जे में लिया। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।
करंट की चपेट में आने से दंपति की हुई दर्दनाक मौत, पति को बचाने दौड़ी पत्नी भी आई चपेट
By -
June 06, 2026
0
Tags: