भाजपा राज में बिल्ली को बिठाया दूध की रखवाली के लिए

AYUSH ANTIMA
By -
0


राजस्थान में भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार में अफसऱो की पौ बारह हो रही है। भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा की परत दर परत खुलने से स्पष्ट होता है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश के काबीना मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा के नेतृत्व में नकली खाद बीज को लेकर की गई छापेमारी जो नौटंकी की थी, उसके रूझान आने शुरू हो गये है। सूत्रों की मानें तो मंत्री के साथ छापेमारी में सहयोगी रहे राजस्थान बीज निगम के निदेशक, उसके सहयोगियो व रिश्तेदारो पर एसीबी का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। एसीबी ने बीकानेर के लूणकरणसर में एक बस की तलाशी के दौरान 85 लाख रूपये नगद पकड़े। इसके बाद हुई छापेमारी में कुल 2.44 करोड़ रूपये से अधिक भारी भरकम नगदी बरामद की गई। इन अफसऱो पर गजराज ब्रांड के मूंगफली के बीजो के खिलाफ की गई कार्यवाही को कमजोर करने, सीज किए गये बीजों को वापिस करने और लैब सैंपल पास करवाने की एवज में करोड़ों रूपये की रिश्वत लेने का आरोप है। इस घटना के बाद राजस्थान की राजनीति में सियासी उबाल आ गया। कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बहुत ही संगीन आरोप लगाया है कि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की छापेमारी की आड़ में प्रदेश भर में व्यापारियों को डराकर एक बड़ा उगाही रैकेट चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री के साथ उनके आदेश लेकर जो लोग कार्यवाही का चेहरा बनकर घूम रहे थे, वही करोड़ों की सौदेबाजी में पकड़े गये है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री के साथ कार्यवाही करने वाले अफसर करोडो रूपये की रिश्वत लेने का साहस कर रहे थे तो यह पैसा आखिर कहां तक पहुंच रहा था। क्या इसकी डोर उपर तक जुड़ी हुई है या फिर मंत्री जी इस भारी भ्रष्टाचार से बेखबर थे। अब एक ज्वलंत प्रश्न है कि मंत्री जी की छापेमारी भ्रष्टाचार को रोकने के लिए हो रही थी या उगाही को लेकर हो रही थी। डोटासरा ने कार्यवाही की धमकी के नाम पर इस छापेमारी सिंडिकेट द्वारा करीब 500 करोड़ रूपये उगाही करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अब सवाल उठता है कि प्रदेश में भजन लाल शर्मा सरकार रोज किसान हितैषी सरकार होने के विज्ञापन अपने फेसबुक अकाउंट पर डालते रहते हैं। क्या मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के पास इस बात का जवाब है कि नकली खाद बीज प्रकरण में जो किसान हितों की अनदेखी कर भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है, उसको लेकर क्या कार्यवाही करेगे। महा भ्रष्टाचार को लेकर राजस्थान में जो खेल चल रहा है, उसको लेकर तो यही कहा जा सकता है कि भजन लाल शर्मा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने बिल्ली को ही दूध की रखवाली के लिए छोड़ दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!