झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): रोड नंबर-1 स्थित जयपुर आई हॉस्पिटल में रविवार को विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन अस्पताल निदेशक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.निशांत पुरोहित के सौजन्य से तथा झुंझुनूं नागरिक मंच के तत्वावधान में उनके पूज्य पिता, जो स्वयं नेत्र रोग विशेषज्ञ थे, स्वर्गीय विमलेश चंद्र पुरोहित की स्मृति में किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि झुंझुनूं नागरिक मंच के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.संजय कटेवा, उपाध्यक्ष डॉ.उमेश केडिया, डॉ.रजनेश माथुर, डॉ.वीरेंद्र झाझड़िया, डॉ.पीएल काजला, अख्तर अली गहलोत, सीए मनीष अग्रवाल, सीए रवींद्र मारोलिया, अनिल जांगिड़ एवं अब्बास अली द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर डॉ.निशांत पुरोहित ने बताया कि सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित शिविर में कुल 354 लाभार्थियों की नेत्र जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गई। जांच के दौरान 76 मरीजों का फेको पद्धति से लेंस प्रत्यारोपण हेतु पंजीकरण किया गया। इन सभी का शीघ्र ही निःशुल्क ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपित किए जाएंगे तथा आवश्यक चश्मे एवं दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सेवा एवं जनकल्याणकारी शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वर्गीय विमलेश कुमार चंद्र की स्मृति में आयोजित यह शिविर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण बना। शिविर को सफल बनाने में अस्पताल के दीपक स्वामी, शेखर, प्रवीण शर्मा, खुशी गुप्ता, रितिका शर्मा, मोहम्मद अली, दयाराम, नाजराना, सुमन, यशोदा एवं रोहित सहित स्टाफ ने सराहनीय सेवाएं दी।
3/related/default