निवाई (लालचंद माली): शहर में झिलाय रोड पर स्थित पुराने रीको क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बिजली के पोल को टक्कर मार दी। जिससे 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे 7 घंटे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। विद्युत पोल के इस तरह अचानक टूट जाने के कारण बीसलपुर पंप हाउस, इंद्रा विस्तार कॉलोनी बाईपास एरिया सहित आसपास के क्षेत्र में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक विद्युत सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई। बिजली गुल होने का यह सिलसिला लगातार 7 घंटों तक जारी रहा। विद्युत आपूर्ति बंद रहने बीसलपुर से आगे भेजी जाने वाली पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई, जिससे जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में अचानक बिजली व पानी दोनों का संकट एक साथ आ जाने के कारण आम जनता को अत्यधिक परेशानियों व समस्याओं का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना पर जयपुर डिस्कॉम की तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गई। कनिष्ठ अभियंता धनराज यादव व उनकी कुशल टीम ने बिना समय गंवाए युद्ध स्तर पर मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त पोल को हटाकर उस स्थान पर नया विद्युत पोल स्थापित किया और पूरी लगन के साथ काम करते हुए क्षतिग्रस्त 11केवी लाइन को दुरुस्त किया। इसके बाद क्षेत्र की बाधित विद्युत सप्लाई को पुन: पूरी तरह से सुचारू करवाया जा सका, तब जाकर विभाग व स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली। इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर तैनात रही।
अनियंत्रित ट्रक ने तोड़ा विद्युत पोल: बीसलपुर पंप हाउस के आस-पास के क्षेत्र में 7 घंटे बिजली ठप, पेयजल संकट गहराया
By -
June 04, 2026
0
Tags: