बीकानेर: जिले के गजनेर थाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर दरबारी फांटा के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक बलेनो कार का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटती चली गई और साइड में खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार में सवार एक पुरुष, दो बच्चे तथा तीन महिलाएं घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गजनेर थाना के हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल टोल एम्बुलेंस की सहायता से प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं, हालांकि उनकी पहचान और वे कहां से आ रहे थे तथा कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सकी थी।हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण कार का टायर फटना माना जा रहा है।
टायर फटने से बेकाबू हुई बलेनो कार, पलटते हुए ट्रक से टकराई, 6 घायल
By -
June 06, 2026
0
Tags: