फोन नहीं उठाने से गई नवजात की जान, शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में, 3 डॉक्टरों की टीम करेगी जांच

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (जय नारायण बिस्सा): जिले के कोलायत झझू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृत नवजात के परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र की महिला स्वास्थ्य कर्मी पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को शिकायत सौंपकर जांच की मांग की है। शिकायत में पीडित कोजाराम ने आरोप लगाया गया है कि प्रसव पीड़ा होने पर समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिली तथा संबंधित महिला स्वास्थ्य कर्मी से संपर्क करने के प्रयास भी सफल नहीं हुए। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित उपचार मिलता तो नवजात की जान बच सकती थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.बसंत ओझा ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन चिकित्सकों की टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, झझू स्थित महिला स्वास्थ्य कर्मी संजू देवी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि जब वह मौके पर पहुंची तब तक बच्चा मृत अवस्था में था। उन्होंने बताया कि प्रसूता को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए राजकीय चिकित्सालय कोलायत रेफर कर दिया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!