टोरड़ा-गुजरान में बनेगा नया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत

AYUSH ANTIMA
By -
0


पावटा: ग्राम टोरड़ा-गुजरान के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण सौगात देते हुए नवीन 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) की स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ प्राप्त होगा। बताया गया है कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी, कृषि गतिविधियों और लगातार बढ़ रहे बिजली उपभोग के कारण लंबे समय से नए विद्युत उप केंद्र की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक हंसराज पटेल ने राज्य सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखकर टोरड़ा-गुजरान में नए जीएसएस की मांग की थी। अब सरकार द्वारा स्वीकृति जारी होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। नए उप केंद्र के स्थापित होने से बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा कम वोल्टेज, बार-बार होने वाले फॉल्ट और अनियमित सप्लाई जैसी समस्याओं में कमी आएगी। विशेष रूप से किसानों को सिंचाई कार्यों के लिए बेहतर वोल्टेज और नियमित विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विधायक हंसराज पटेल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है और आमजन की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। क्षेत्र के नागरिकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि नया विद्युत उपकेंद्र आने वाले वर्षों में क्षेत्र की बढ़ती बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा और स्थानीय विकास को नई गति प्रदान करेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!