27 अप्रैल को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजस्थान दौरा, टोंक सहित 7 भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन, जयपुर में होगा भव्य स्वागत कार्यक्रम

AYUSH ANTIMA
By -
0



जयपुर: भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल, सोमवार को राजस्थान प्रवास पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला प्रदेश दौरा है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में विशेष उत्साह है। राजधानी जयपुर में उनके स्वागत में पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य आयोजन किए जाएंगे। पुष्कर एवं गंगानगर के लोक कलाकार ढोल-नगाड़ों और बैगपाइपर के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उनका स्वागत करेंगे। भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन प्रातः 10:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से प्रस्थान कर 11:15 बजे टोंक पहुंचेंगे। टोंक में 11:30 बजे वे भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली एवं बाड़मेर जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन तथा जालौर जिला कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं एवं आमजन को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि टोंक कार्यक्रम के पश्चात नितिन नवीन दोपहर 2:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पहले मंत्रीमंडल द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट के बाहर बगरू, सांगानेर और चाकसू विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान मंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। युवा मोर्चा कार्यकर्ता बाइक रैली के माध्यम से उनके काफिले की अगुवाई करेंगे। सांगानेर, बगरू, चाकसू, बस्सी, फुलेरा, दूदू,आमेर, जमवारामगढ, आदर्श नगर, मालवीय नगर, विद्याधर नगर, झोटवाडा, सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत करेंगे। बगड़ी ने बताया कि पत्रिका गेट, वर्ल्ड ट्रेड पार्क (डब्ल्यूटीपी), शिक्षा संकुल, कनोडिया कॉलेज, जेडीए सर्किल, रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल, बाइस गोदाम सर्किल एवं राजमहल पैलेस पर कार्यकर्ताओं द्वारा मंच बनाकर स्वागत अभिनंदन करेंगे। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा राजमहल पैलेस पर पारंपरिक कलश के साथ स्वागत किया जाएगा। महिला मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा कलश लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई करेंगी और भाजपा प्रदेश कार्यालय तक आएंगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की बैठक लेंगे। बैठक के उपरांत वे रात्रि में दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!